नक्सलवाद के सफाए का 'अंतिम प्रहार': रायपुर में अमित शाह की हाई-लेवल मीटिंग, कल बस्तर में भरेंगे हुंकार
अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा: रायपुर में आज विभागीय और LWE क्षेत्रों की बड़ी समीक्षा बैठक। कल बस्तर पण्डुम के समापन समारोह में लेंगे हिस्सा।Puja Sahu
रायपुर : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण दौरे पर हैं। मिशन 2026 यानी 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त करने के संकल्प के साथ, अमित शाह आज रायपुर में सुरक्षा और विकास कार्यों की गहन समीक्षा कर रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप-मुख्यमंत्री व गृहमंत्री विजय शर्मा भी उनके साथ मौजूद हैं।
मैराथन बैठकों का दौर: मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में सुबह से बैठकों का सिलसिला शुरू हो चुका है। सुरक्षा और विभागीय कामकाज को लेकर आज का शेड्यूल काफी व्यस्त है:
-
पहली विभागीय बैठक (11:00 AM - 12:45 PM): इस सत्र में राज्य के विभिन्न विभागों के कामकाज और विकास योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई।
-
दूसरी विभागीय समीक्षा बैठक (12:45 PM - 2:00 PM): गृह मंत्री ने केंद्र और राज्य के बीच समन्वय और भविष्य की योजनाओं की समीक्षा की।
-
भोजन अवकाश (2:00 PM - 3:00 PM): दोपहर के विश्राम के बाद बैठकों का दूसरा दौर शुरू होगा।
-
LWE क्षेत्रों की समीक्षा (3:00 PM - 4:15 PM): यह आज की सबसे महत्वपूर्ण बैठक है। इसमें वामपंथी उग्रवाद (LWE) प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा स्थिति, नक्सल विरोधी अभियानों और इंटेलिजेंस इनपुट्स पर मंथन किया जाएगा।
नक्सलवाद पर 'जीरो टॉलरेंस' की रणनीति
शाम की बैठक में केंद्र और राज्य के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। इस दौरान नक्सलवाद के खिलाफ चल रही कार्रवाई, सुरक्षा बलों की तैनाती और प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास पर विस्तृत चर्चा होगी। गृह मंत्री का यह दौरा इस मायने में खास है कि केंद्र सरकार ने नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के लिए बेहद सख्त रुख अपनाया है।
कल बस्तर पण्डुम में होंगे शामिल
रायपुर में बैठकों का दौर पूरा करने के बाद, अमित शाह कल बस्तर के दौरे पर रहेंगे। वहां वे प्रसिद्ध 'बस्तर पण्डुम' के समापन समारोह में शिरकत करेंगे। यह कार्यक्रम बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है, जहाँ गृह मंत्री जनजातीय समाज को संबोधित कर सकते हैं।
इस लेख को शेयर करें
टिप्पणियां (0)
टिप्पणी करने के लिए लॉग इन करें
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है
पहले टिप्पणी करने वाले बनें!
