शर्मनाक: सिरगिट्टी में दो मासूम बच्चियों से नाबालिग ने किया दुष्कर्म; पुलिस पर समझौते का दबाव बनाने का आरोप, एसपी से शिकायत
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर (सिरगिट्टी) में 7 वर्षीय दो मासूम बच्चियों से नाबालिग द्वारा दुष्कर्म का मामला सामने आया है। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही और समझौते का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए एसपी से शिकायत की है। एसएसपी ने आरोपी की गिरफ्तारी और दोषी पुलिसकर्मियों पर जांच की बात कही है।Puja Sahu
बिलासपुर : सिरगिट्टी थाना क्षेत्र से एक बेहद ही शर्मनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़के ने चॉकलेट का लालच देकर 7 साल की दो मासूम बच्चियों के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इस संवेदनशील मामले में सिरगिट्टी पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई में घोर लापरवाही बरती और रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय उन पर समझौते का दबाव बनाया।
चॉकलेट का लालच देकर रस्सी से बांधता था आरोपी
पीड़ित मासूम बच्चियों ने परिजनों को आपबीती सुनाते हुए बताया कि आरोपी लड़का उन्हें चॉकलेट खिलाने के बहाने अपने साथ ले जाता था। इसके बाद वह दोनों बच्चियों को रस्सी से बांध देता था और उनके साथ गलत काम (दुष्कर्म) करता था।
पुलिस पर गंभीर आरोप : दिनभर भटकाया, समझौते का बनाया दबाव
न्याय की गुहार लगाने पीड़ित बच्चियों की मां और परिजन बिलासपुर एसपी कार्यालय पहुंचे। परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वे सुबह से लेकर देर रात तक सिरगिट्टी थाने और पुलिस अधिकारियों के चक्कर काटते रहे। बार-बार मिन्नतें करने के बाद भी पुलिस ने एफआईआर (FIR) दर्ज नहीं की।
परिजनों का यह भी आरोप है कि पुलिस साक्ष्य संकलन (सबूत जुटाने) में उदासीन रही और उल्टा पीड़ित पक्ष पर ही समझौते के लिए दबाव बनाती रही। बाद में जब वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले में हस्तक्षेप किया, तब कहीं जाकर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की।
परिजनों ने की सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग
एसपी दफ्तर पहुंचे परिजनों ने बताया कि उन्होंने पुलिस को घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य और संभावित सबूतों की जानकारी दी थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें इकट्ठा करने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। पीड़ित परिवार ने अब अपनी और बच्चियों की सुरक्षा की गुहार लगाई है, साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों और आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आरोपी गिरफ्तार, लापरवाह पुलिसकर्मियों पर होगी जांच: एसएसपी इस पूरे संवेदनशील मामले पर बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा: "मामले के 14 वर्षीय नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे बाल सुधार गृह (रिमांड होम) भेजा जा रहा है। जहां तक पीड़ित पक्ष द्वारा पुलिस के दुर्व्यवहार और लापरवाही के आरोपों का सवाल है, उसकी गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी पुलिसकर्मी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।"
इस लेख को शेयर करें
टिप्पणियां (0)
टिप्पणी करने के लिए लॉग इन करें
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है
पहले टिप्पणी करने वाले बनें!
