नेतृत्व परिवर्तन के बावजूद भाजपा की दिशा अडिग: मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी को एक परिवार बताते हुए कहा है कि पार्टी में नेतृत्व बदलता है, लेकिन उसकी दिशा और आदर्श कभी नहीं बदलते। उन्होंने कहा कि भाजपा पद से नहीं, बल्कि प्रक्रिया और संस्कार से चलने वाला संगठन है।Puja Sahu
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को एक परिवार बताते हुए कहा है कि पार्टी में नेतृत्व बदलता है, लेकिन उसकी दिशा और आदर्श कभी नहीं बदलते। उन्होंने कहा कि भाजपा पद से नहीं, बल्कि प्रक्रिया और संस्कार से चलने वाला संगठन है।
भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के चुनाव के उपलक्ष्य में मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित ‘संगठन पर्व’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने उन्हें दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल का अध्यक्ष बनने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। श्री मोदी ने कहा कि उनके जीवन का सबसे बड़ा गर्व भाजपा का कार्यकर्ता होना है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “हमारी पार्टी में अध्यक्ष बदलते हैं, लेकिन आदर्श नहीं बदलते। नेतृत्व बदलता है, लेकिन दिशा नहीं बदलती। भाजपा एक संस्कार है, एक परिवार है, जहां ‘मेंबरशिप’ से अधिक ‘रिलेशनशिप’ का महत्व है। हमारे यहां पदभार एक व्यवस्था है और कार्यभार जीवन भर की जिम्मेदारी।”
उन्होंने कहा कि भाजपा का नेतृत्व परंपरा, अनुभव और जनसेवा-राष्ट्रसेवा की भावना से समृद्ध होता है। पार्टी की शून्य से शिखर तक की यात्रा में यह सदैव प्रतिबिंबित हुआ है। भाजपा कार्यकर्ताओं का संस्कार ‘खुद से बड़ा दल और दल से बड़ा देश’ का है और इसी भाव से पार्टी ने बीते 11 वर्षों में अनेक चुनौतियों पर विजय प्राप्त की है।
प्रधानमंत्री ने पिछले 11 वर्षों की यात्रा को जन-विश्वास अर्जित करने की अद्भुत यात्रा बताते हुए कहा कि हाल के विधानसभा और स्थानीय निकाय चुनावों में जनता का भरोसा और मजबूत हुआ है। उन्होंने अनुच्छेद 370 की समाप्ति और तीन तलाक के खिलाफ कानून जैसे निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि जो कभी असंभव माने जाते थे, वे आज हकीकत बन चुके हैं। साथ ही उन्होंने आदिवासी समाज के कल्याण के लिए बनाई गई योजनाओं का भी उल्लेख किया।
श्री मोदी ने कहा कि भाजपा के संगठनात्मक चुनाव पूरी तरह लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत और पार्टी संविधान की भावना के अनुरूप विधिपूर्वक संपन्न हुए हैं। ‘संगठन पर्व’ का यह आयोजन पार्टी की लोकतांत्रिक आस्था, संगठनात्मक अनुशासन और कार्यकर्ता-केंद्रित सोच का प्रतीक है।
उन्होंने कहा, “लोग मुझे प्रधानमंत्री के रूप में देखते हैं, लेकिन पार्टी के विषयों पर मैं एक कार्यकर्ता हूं और माननीय नितिन नबीन जी मेरे बॉस हैं।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के एक महत्वपूर्ण कालखंड की शुरुआत में भाजपा का नेतृत्व नितिन नबीन जैसे युवा नेता के हाथों में है। उन्होंने कहा कि अगले 25 वर्ष भारत के लिए निर्णायक होंगे, जिनमें विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य हासिल किया जाएगा।
इस अवसर पर पार्टी के निवर्तमान अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा कि श्री नबीन मूलतः एक समर्पित कार्यकर्ता हैं, वैचारिक रूप से परिपक्व हैं और कम उम्र में पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा।
कार्यक्रम में पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव के निर्वाचन अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण उपस्थित रहे।
इस लेख को शेयर करें
टिप्पणियां (0)
टिप्पणी करने के लिए लॉग इन करें
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है
पहले टिप्पणी करने वाले बनें!
