छत्तीसगढ़ अपडेट: सीएम साय का व्यस्त शेड्यूल, निगम बैठक, वाटर शटडाउन समेत कई अहम खबरें
रायपुर | छत्तीसगढ़ में आज कई अहम गतिविधियों पर नजर रहेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कार्यक्रम से लेकर नगर निगम की बैठक, वाटर शटडाउन और कॉमन्स संसाधनों पर कार्यशाला तकBhupesh Tandiya
रायपुर | छत्तीसगढ़ में आज कई अहम गतिविधियों पर नजर रहेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कार्यक्रम से लेकर नगर निगम की बैठक, वाटर शटडाउन और कॉमन्स संसाधनों पर कार्यशाला तक, प्रदेशभर में महत्वपूर्ण आयोजन और फैसले होने हैं।
सीएम साय का आज का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे सुबह 11:30 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल, नवा रायपुर में आयोजित ऑल इंडिया हेल्थ साइंसेज वाइस चांसलर्स मीट 2026 में शिरकत करेंगे। दोपहर 1 बजे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे। शाम 6 बजे वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर के लिए रवाना होंगे और रात 7:20 बजे वापस निवास पहुंचेंगे।
नगर निगम की सामान्य सभा आज
रायपुर नगर निगम की स्थगित सामान्य सभा आज सुबह 11 बजे महात्मा गांधी सदन में आयोजित होगी। सभापति सूर्यकांत राठौड़ की अध्यक्षता में बैठक में 17 में से बचे 14 एजेंडों पर चर्चा होगी और मेयर इन काउंसिल के संकल्पों पर निर्णय लिया जाएगा।
कॉमन्स कार्यशाला का दूसरा दिन
छत्तीसगढ़ कॉमन्स कन्विनिंग कार्यशाला का आज दूसरा दिन है, जिसमें मुख्य सचिव विकास शील शामिल होंगे। कार्यशाला में कॉमन्स संसाधनों के प्रबंधन के लिए टास्क फोर्स गठन, पेसा और FRA के समन्वय जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। 70 लाख एकड़ भूमि को लेकर मंथन जारी है, जिसमें 300 से अधिक प्रतिभागी शामिल हैं। समापन में मंत्री रामविचार नेताम मौजूद रहेंगे।
रायपुर में 6 घंटे का वाटर शटडाउन
पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत के चलते रायपुर में आज 6 घंटे का वाटर शटडाउन रहेगा। पचपेड़ी नाका और तेलीबांधा क्षेत्र में कार्य होने से 150 MLD फिल्टर प्लांट की सप्लाई प्रभावित होगी। 11 जलागारों से शाम को पानी नहीं मिलेगा, जिससे लालपुर, अमलीडीह, मोवा समेत कई इलाकों में असर पड़ेगा। जलप्रदाय 11 अप्रैल से सामान्य होगा।
संपत्ति कर पर निगम की सख्ती
नगर निगम ने 20 हजार से ज्यादा बकायेदारों को अंतिम नोटिस जारी किया है। 3 दिन में कर जमा नहीं करने पर नल विच्छेदन, सीलबंदी और कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। 30 अप्रैल तक बिना अधिभार टैक्स जमा करने की छूट है, इसके बाद 17% अधिभार लगेगा। ऑनलाइन और ‘मोर रायपुर’ ऐप के जरिए भुगतान की सुविधा उपलब्ध है।
15 अप्रैल को साय कैबिनेट की बैठक
15 अप्रैल को होने वाली साय कैबिनेट की बैठक में बस्तर विकास, औद्योगिक निवेश और ‘बस्तर रोडमैप 2.0’ पर बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। साथ ही खाद-बीज की उपलब्धता जैसे मुद्दों पर भी चर्चा संभावित है।
इस लेख को शेयर करें
टिप्पणियां (0)
टिप्पणी करने के लिए लॉग इन करें
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है
पहले टिप्पणी करने वाले बनें!
