CG HITING ALERT : छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का प्रकोप, पारा 43°C के पार, IMD का येलो अलर्ट जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। प्रदेश का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे लू का प्रकोप तेज हो गया है।Bhupesh Tandiya
रायपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। प्रदेश का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे लू का प्रकोप तेज हो गया है। हालात को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मध्य छत्तीसगढ़ के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे गर्मी और अधिक तीव्र हो गई है। मौसम विज्ञानी डॉ. गायत्री वाणी ने बताया कि यह स्थिति अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती है और फिलहाल राहत के आसार कम हैं।
उन्होंने कहा कि आने वाले तीन दिनों तक भीषण गर्मी का असर जारी रहेगा, हालांकि इसके बाद तापमान में हल्की गिरावट संभव है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर निकलने से बचने और अधिक से अधिक तरल पदार्थ लेने की सलाह दी है।
वहीं, IMD ने देश के अन्य हिस्सों के लिए भी लू और उमस को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 18-19 अप्रैल को लू चलने की संभावना है। ओडिशा में 18 से 20 अप्रैल, झारखंड में 19 से 21 अप्रैल तक लू का असर रह सकता है। इसके अलावा मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, रायलसीमा और तेलंगाना में भी गर्म हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने ओडिशा में 18 से 20 अप्रैल के बीच रात में भी गर्मी रहने की चेतावनी दी है। साथ ही गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, माहे, आंध्र प्रदेश और यनम में भी गर्म और उमस भरे मौसम का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
IMD ने लोगों से अपील की है कि वे जरूरी सावधानियां बरतें और दिन के सबसे गर्म समय में धूप में निकलने से बचें।
इस लेख को शेयर करें
टिप्पणियां (0)
टिप्पणी करने के लिए लॉग इन करें
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है
पहले टिप्पणी करने वाले बनें!
