रायपुर ब्रेकिंग: विधानसभा में गूंजा बिगड़ती कानून-व्यवस्था का मुद्दा, गृहमंत्री ने जारी किए हत्या, लूट और अपहरण के चौंकाने वाले आंकड़े
छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र में कानून-व्यवस्था पर बवाल। गृहमंत्री विजय शर्मा ने पेश किए आंकड़े; पिछले 2 वर्षों में राज्य में हुई 1972 हत्याएं और 7443 अपहरण।Puja Sahu
रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन सदन में कानून-व्यवस्था को लेकर जमकर गरमागरमी देखने को मिली। मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार को चौतरफा घेरा।
विधायक संगीता सिन्हा ने उठाया महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक संगीता सिन्हा ने प्रदेश में महिलाओं और नाबालिग बच्चियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने राज्य में बढ़ रही हत्या, महिलाओं और नाबालिग बच्चियों के साथ घटित दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर सरकार से तीखे सवाल किए और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर जवाब मांगा।
गृहमंत्री विजय शर्मा ने पेश किए लिखित आंकड़े
कांग्रेस विधायक के सवाल का जवाब देते हुए उप-मुख्यमंत्री व गृहमंत्री विजय शर्मा ने सदन के पटल पर पिछले दो वर्षों के आधिकारिक आंकड़े पेश किए। सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार:
- हत्याएं: 1 जुलाई 2024 से 30 जून 2026 तक की अवधि में छत्तीसगढ़ में कुल 1,972 हत्या की वारदातें दर्ज की गई हैं।
- लूट की घटनाएं: इन दो वर्षों में राज्य में लूटपाट के 729 मामले सामने आए हैं।
- अपहरण की वारदातें: गृहमंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में प्रदेश में कुल 7,443 अपहरण (किडनैपिंग) की घटनाएं दर्ज हुई हैं।
विपक्ष का कड़ा रुख
इन आंकड़ों के सामने आने के बाद विपक्ष ने सरकार को आड़े हाथों लिया। कांग्रेस विधायकों का आरोप है कि राज्य में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम जनता, विशेषकर महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। वहीं, गृहमंत्री विजय शर्मा ने आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है और अपराधियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
इस लेख को शेयर करें
टिप्पणियां (0)
टिप्पणी करने के लिए लॉग इन करें
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है
पहले टिप्पणी करने वाले बनें!
