बालोद में महिला के साथ गैंगरेप, पर्यावरण पार्क के पास बेसुध हालत में मिली पीड़िता
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में महिला से गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कांकेर की रहने वाली पीड़िता को तीन अज्ञात ट्रक चालकों ने अगवा कर अपनी हवस का शिकार बनाया। पर्यावरण पार्क के पास बेसुध मिली महिला के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।Puja Sahu
बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाला और शर्मनाक मामला सामने आया है, जहाँ एक महिला को अगवा कर तीन दरिंदों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता बालोद-दल्ली राजहरा मुख्य मार्ग पर स्थित पर्यावरण पार्क के पास बेसुध हालत में पाई गई।
डायल-112 की मदद से पहुँचाया गया अस्पताल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से कांकेर जिले की रहने वाली है। वह बालोद से दल्ली राजहरा जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित पर्यावरण पार्क के पास अत्यंत गंभीर और बेसुध अवस्था में मिली थी। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुँची और पीड़िता को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है।
तीन ट्रक चालकों पर वारदात को अंजाम देने का आरोप
अस्पताल में होश आने के बाद पुलिस ने महिला के बयान दर्ज किए। महिला द्वारा दिए गए बयानों के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच और महिला के बयानों के मुताबिक, इस घिनौनी वारदात को तीन अज्ञात ट्रक चालकों ने अंजाम दिया है।
पुलिस कर रही है बारीकी से जांच
इस पूरे मामले पर बालोद की एडिशनल एसपी मोनिका ठाकुर ने बताया:
"पीड़िता कांकेर जिले की निवासी है। महिला के बयानों को आधार बनाकर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर लिया है। पूरे घटनाक्रम की बेहद बारीकी और गंभीरता से जांच की जा रही है। वारदात में तीन आरोपी शामिल हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस ने जाल बिछा दिया है। आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"
फिलहाल पुलिस क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों से पूछताछ करने में जुटी है ताकि फरार आरोपियों को अविलंब कानून के शिकंजे में लाया जा सके।
इस लेख को शेयर करें
टिप्पणियां (0)
टिप्पणी करने के लिए लॉग इन करें
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है
पहले टिप्पणी करने वाले बनें!
