छत्तीसगढ़: महासमुंद पुलिस और ANTF की बड़ी कार्रवाई, 3 करोड़ का गांजा जब्त; मशीनरी की आड़ में हो रही थी तस्करी
छत्तीसगढ़ के महासमुंद में पुलिस और ANTF की बड़ी कार्रवाई। कंपनी के सामान की आड़ में महाराष्ट्र ले जाया जा रहा 3 करोड़ का गांजा (600 किलो) जब्त, एक अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार।Puja Sahu
महासमुंद : छत्तीसगढ़ की महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की टीम को नशे के सौदागरों के खिलाफ एक और बड़ी कामयाबी मिली है। टीम ने सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए एक टाटा माजदा वाहन से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 3 करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में महाराष्ट्र के एक अंतरराज्यीय तस्कर को भी गिरफ्तार किया है।
तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए गांजे को कंपनी के मशीनरी सामान और बड़े-बड़े कार्टूनों के पीछे छिपा रखा था, लेकिन मुस्तैद सुरक्षाबलों ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
मुखबिर की सूचना पर मुरमुरी चौक पर घेराबंदी
दरअसल, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस को एक पुख्ता इनपुट मिला था कि ओड़िशा की ओर से आ रहे एक टाटा माजदा वाहन (क्रमांक MH-46 CU/6060) में कंपनी के सामान की आड़ में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और ANTF की टीम ने तत्काल मुरमुरी चौक पर घेराबंदी की और वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिए का वाहन आता दिखाई दिया, जिसे टीम ने रोक लिया।
मशीनरी सामान के नीचे छिपाई थीं 24 बोरियां
जब पुलिस टीम ने वाहन की तलाशी ली, तो ऊपर से वह सामान्य मालवाहक दिख रहा था जिसमें कंपनी के मशीनरी पार्ट्स लदे थे। लेकिन जब टीम ने गहराई से जांच की, तो मशीनरी सामान के नीचे और पीछे छिपाकर रखी गईं 24 प्लास्टिक की बोरियां बरामद हुईं। इन बोरियों को खोलने पर उनमें कुल 600 किलोग्राम अवैध गांजा पाया गया, जिसकी बाजार में कीमत 3 करोड़ रुपए है।
- कुल जब्ती: पुलिस ने 3 करोड़ रुपए के गांजे के साथ ही तस्करी में इस्तेमाल टाटा माजदा वाहन, एक मोबाइल फोन और 10,घ् हजार रुपए नगद जब्त किए हैं। कुल जब्त सामान की कीमत 3 करोड़ 12 लाख 15 हजार रुपए बताई जा रही है।
ओड़िशा से महाराष्ट्र खपाने की थी तैयारी, 65 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से वाहन चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी की पहचान महबूब बादशाह (उम्र 65 वर्ष), निवासी अंबरनाथ, जिला ठाणे (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह यह गांजा ओड़िशा के बौद्ध जिले से लोड कर ठाणे (महाराष्ट्र) में खपाने के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 20(B)(ii)(C) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
सीमाओं पर 'एंड-टू-एंड' इनवेस्टिगेशन जारी
महासमुंद पुलिस के अनुसार, ओड़िशा से लगे अंतरराज्यीय चेक पोस्ट के साथ-साथ अब अंदरूनी और ग्रामीण मार्गों पर भी एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की पैनी नजर है। पुलिस अब केवल तस्करों को ही नहीं पकड़ रही, बल्कि इस अवैध कारोबार के:
- सोर्स प्वाइंट (जहां से गांजा आ रहा है)
- डेस्टिनेशन प्वाइंट (जहां गांजा पहुंचाया जाना है)
- फिनांशियल इनवेस्टिगेशन (पैसों का लेनदेन और फंडिंग)
इन सभी पहलुओं पर 'एंड-टू-एंड' कार्रवाई कर रही है ताकि इस पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।
इस लेख को शेयर करें
टिप्पणियां (0)
टिप्पणी करने के लिए लॉग इन करें
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है
पहले टिप्पणी करने वाले बनें!
