सीएम साय का दिल्ली दौरा, बड़े नेताओं से मुलाकात के संकेत
सीएम विष्णुदेव साय का अचानक दिल्ली दौरा,मुख्यमंत्री क्या छत्तीसगढ़ के लिए कोई बड़ी सौगात लाएंगे? जानिए पीएम मोदी के साथ होने वाली इस अहम बैठक का पूरा एजेंडा।Bhupesh Tandiya
रायपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सोमवार रात अचानक दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं। मुख्यमंत्री का यह दौरा बेहद गोपनीय और महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि उनके आज सुबह जारी हुए आधिकारिक कार्यक्रम में इस दिल्ली यात्रा का कोई जिक्र नहीं था। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री साय मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर सकते हैं।
नक्सलवाद और विकास पर केंद्रित हो सकती है चर्चा
इस दौरे की संवेदनशीलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मुख्यमंत्री के साथ उनके प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और उनकी पूरी टीम भी दिल्ली जा रही है। जानकारों का मानना है कि यह महज एक शिष्टाचार भेंट नहीं, बल्कि नीतिगत फैसलों के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक है।
माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री साय, प्रधानमंत्री को बस्तर में नक्सल उन्मूलन की दिशा में मिली सफलताओं और उसके बाद क्षेत्र के पुनर्निर्माण के लिए उठाए गए कदमों पर एक विस्तृत प्रजेंटेशन दे सकते हैं। बैठक में राज्य के बुनियादी ढांचे, निवेश और सुरक्षा से जुड़े बड़े मुद्दों पर मंथन होने की संभावना है।
गृहमंत्री अमित शाह से भी मिल सकते हैं साय
दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री की मुलाकात केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से भी होने की चर्चा है। यदि यह मुलाकात होती है, तो नक्सलवाद के खात्मे के लिए 'बस्तर मॉडल' और आंतरिक सुरक्षा की आगामी रणनीति पर गंभीर चर्चा हो सकती है।
कार्यक्रम की रूपरेखा
प्रस्थान: मुख्यमंत्री सोमवार रात 9:30 बजे निजी विमान से रायपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।
विश्राम: दिल्ली पहुँचने के बाद वे छत्तीसगढ़ सदन में रात्रि विश्राम करेंगे।
वापसी: फिलहाल उनके मंगलवार को लौटने की संभावना कम है। माना जा रहा है कि वे बुधवार सुबह तक रायपुर लौट सकते हैं।
मुख्यमंत्री का आज अंतिम निर्धारित कार्यक्रम 'एकात्म परिसर' में था, जिसके बाद उनके दिल्ली जाने का कार्यक्रम अचानक फाइनल हुआ। प्रशासन और राजनीति के गलियारों में इस दौरे को लेकर कई अटकलें लगाई जा रही हैं।
इस लेख को शेयर करें
टिप्पणियां (0)
टिप्पणी करने के लिए लॉग इन करें
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है
पहले टिप्पणी करने वाले बनें!
