जग्गी हत्याकांड: हाईकोर्ट के सरेंडर आदेश का कांग्रेस ने किया स्वागत, वरिष्ठ नेता धनेंद्र साहू बोले- ‘न्यायालय का फैसला उचित’
जग्गी हत्याकांड में हाईकोर्ट के सरेंडर आदेश पर कांग्रेस नेता धनेंद्र साहू का बड़ा बयान। फैसले का स्वागत करते हुए कहा- "न्यायालय का निर्णय उचित", वहीं दूसरा पक्ष अब सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी में।Puja Sahu
रायपुर : छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित रामावतार जग्गी हत्याकांड मामले में हाईकोर्ट के ताजा फैसले के बाद प्रदेश की सियासत गर्मा गई है। हाईकोर्ट द्वारा आरोपियों को तीन सप्ताह के भीतर सरेंडर करने के आदेश पर कांग्रेस की ओर से पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे न्याय प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
कोर्ट के फैसले का सम्मान: धनेंद्र साहू
मीडिया से चर्चा करते हुए धनेंद्र साहू ने कहा कि हालांकि अभी यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है कि फैसले में कितनी सजा निर्धारित की गई है, लेकिन कोर्ट ने जो तीन सप्ताह के भीतर आत्मसमर्पण (सरेंडर) करने का आदेश दिया है, कांग्रेस पार्टी उसका स्वागत करती है।
उन्होंने आगे कहा:
"न्यायालय हर परिस्थिति और साक्ष्यों को बारीकी से देखने के बाद ही कोई निर्णय लेता है। इस संवेदनशील मामले में कोर्ट का जो भी फैसला आएगा, वह उचित और न्यायसंगत होगा।"
दूसरे पक्ष की तैयारी, जाएंगे सुप्रीम कोर्ट
वहीं, इस मामले में दूसरे पक्ष (अमित जोगी व अन्य) की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी देते हुए दूसरे पक्ष ने कहा है कि उनकी दलीलों को पूरी तरह नहीं सुना गया है। न्याय की गुहार लगाते हुए अब वे इस फैसले के खिलाफ सर्वोच्च न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) का दरवाजा खटखटाएंगे।
क्या है मामला?
उल्लेखनीय है कि 2003 के रामावतार जग्गी हत्याकांड मामले में लंबे समय से कानूनी लड़ाई चल रही है। हाल ही में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने इस मामले में सुनवाई करते हुए आरोपियों को राहत न देते हुए उन्हें सरेंडर करने का निर्देश दिया है। इस फैसले के बाद से ही राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज है, क्योंकि यह मामला राज्य की राजनीति के रसूखदार चेहरों से जुड़ा हुआ है।
इस लेख को शेयर करें
टिप्पणियां (0)
टिप्पणी करने के लिए लॉग इन करें
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है
पहले टिप्पणी करने वाले बनें!
