LAND SCAME : जमीन रकबा घोटाले का आरोप, बिना आदेश पटवारी ने बदला रिकॉर्ड
कवर्धा : जिला कबीरधाम के कवर्धा तहसील अंतर्गत ग्राम छिरहा में राजस्व अभिलेखों में कथित छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है।Bhupesh Tandiya
कवर्धा : जिला कबीरधाम के कवर्धा तहसील अंतर्गत ग्राम छिरहा में राजस्व अभिलेखों में कथित छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। खसरा नंबर 21/4 के रकबे में बिना सक्षम अधिकारी के आदेश के बदलाव किए जाने का आरोप लगा है, जिससे राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, उक्त खसरा पहले 0.128 हेक्टेयर दर्ज था, जिसे 10 मार्च 2026 को बढ़ाकर 0.228 हेक्टेयर कर दिया गया। हैरानी की बात यह है कि इस बदलाव की जानकारी न तो संबंधित अधिकारी को थी और न ही किसान को। बाद में मामला सामने आने और ई-कोर्ट में प्रकरण दर्ज होने के बाद, 16 मार्च 2026 को फिर से रकबा घटाकर 0.128 हेक्टेयर कर दिया गया।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि यह पूरा मामला जमीन के क्रेता को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया, जिसमें पटवारी, दलालों और तकनीकी स्तर पर मिलीभगत की आशंका जताई गई है। क्षेत्र में जमीन की कीमत प्रति डिसमिल 3 से 5 लाख रुपये बताई जा रही है, जिससे इस हेरफेर का आर्थिक पहलू भी सामने आ रहा है।
मामले के प्रकाश में आने के बाद तहसीलदार कवर्धा ने संबंधित पटवारी सतीश कुमार चंद्राकर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में 7 दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा एकतरफा अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह के मामलों की पुनरावृत्ति न हो।
इस लेख को शेयर करें
टिप्पणियां (0)
टिप्पणी करने के लिए लॉग इन करें
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है
पहले टिप्पणी करने वाले बनें!
