महासमुंद: एंबुलेंस से गांजा तस्करी का भंडाफोड़, महाराष्ट्र के दो तस्कर गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के महासमुंद में एंबुलेंस से गांजा तस्करी का भंडाफोड़। पुलिस ने महाराष्ट्र के 2 तस्करों से 20 किलो गांजा और बोलेरो जब्त की। साल 2026 की बड़ी कार्रवाई।Puja Sahu
महासमुंद : छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। खल्लारी थाना पुलिस ने मानवीय सेवा के लिए उपयोग होने वाली एंबुलेंस के जरिए गांजा तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में महाराष्ट्र के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 20 किलो गांजा बरामद किया है।
मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी
जानकारी के अनुसार, खल्लारी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक एंबुलेंस में गांजे की खेप महाराष्ट्र ले जाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने ग्राम चरौदा मोड़ के पास तत्काल घेराबंदी कर वाहनों की सघन तलाशी शुरू की।
इसी दौरान एक संदिग्ध बोलेरो एंबुलेंस वहां पहुंची। पुलिस ने वाहन को रोककर उसमें सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ की। आरोपियों की पहचान नागपुर (महाराष्ट्र) निवासी सलमान खान (26) और शिराज पठान (39) के रूप में हुई है।
तलाशी में मिला 10 लाख का गांजा
जब पुलिस ने एंबुलेंस की तलाशी ली, तो वाहन के पिछले हिस्से में रखी दो बोरियों से 20 किलो गांजा बरामद हुआ। बाजार में इस गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे इसे ओडिशा से लेकर महाराष्ट्र में खपाने की योजना बना रहे थे।
पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो एंबुलेंस, 6,800 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
आंकड़ों में महासमुंद पुलिस की कार्रवाई (वर्ष 2026)
महासमुंद जिला ओडिशा सीमा से लगे होने के कारण तस्करी का मुख्य केंद्र रहा है, जिस पर पुलिस लगातार नकेल कस रही है।
-
कुल दर्ज मामले 59
-
कुल जब्त गांजा 3,367.500 किलोग्राम
-
अनुमानित कुल मूल्य ₹16,79,33,000 (लगभग 16.79 करोड़)
-
कुल गिरफ्तार आरोपी 157
-
अन्य राज्यों के आरोपी 113
-
छत्तीसगढ़ के आरोपी 44
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशीले पदार्थों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि जिले को तस्करी के ट्रांजिट रूट के रूप में इस्तेमाल होने से रोका जा सके।
इस लेख को शेयर करें
टिप्पणियां (0)
टिप्पणी करने के लिए लॉग इन करें
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है
पहले टिप्पणी करने वाले बनें!
