महासमुंद: तीन थानों की सुरक्षा को चकमा देकर पहुंचा गांजा, तहसील कार्यालय के सामने कार खराब होने पर दबोचे गए दो तस्कर
महासमुंद में ओडिशा से गांजा लेकर आ रहे दो तस्कर धरे गए। तहसील कार्यालय के सामने महाराष्ट्र पासिंग कार खराब होने पर पेट्रोलिंग टीम ने की कार्रवाई; तीन थानों की सुरक्षा को चकमा देकर पहुँचे थे आरोपी।Puja Sahu
महासमुंद : जिला मुख्यालय में पुलिस की गश्ती टीम ने मंगलवार रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजे की तस्करी कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी तब हुई जब तस्करों की महाराष्ट्र पासिंग कार तहसील कार्यालय के सामने अचानक खराब होकर बंद हो गई। पकड़े गए युवक ओडिशा से गांजा लेकर आ रहे थे और ताज्जुब की बात यह है कि वे जिले के तीन थाना क्षेत्रों को पार कर मुख्यालय तक पहुँच गए थे।
कार बंद होने से खुली पोल
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9:15 बजे नेशनल हाईवे-353 पर तहसील कार्यालय के सामने महाराष्ट्र पासिंग कार (MH 31 DC 2140) अचानक बंद हो गई। कार में सवार दो युवक उसे चालू करने की काफी कोशिश कर रहे थे, लेकिन सफल नहीं हुए। इसी दौरान वहां से गुजर रही पेट्रोलिंग टीम की नजर घबराए हुए युवकों पर पड़ी।
संदिग्ध व्यवहार और बाहरी पासिंग नंबर होने के कारण पुलिस ने जब उनसे पूछताछ की, तो दोनों युवक गोलमोल जवाब देने लगे। कड़ाई से पूछताछ करने पर जब पुलिस ने कार की तलाशी ली, तो पिछली सीट के नीचे से खाकी टेप में लिपटे हुए 15-20 पैकेट बरामद हुए। हर पैकेट में करीब एक किलो गांजा भरा हुआ था।
तीन थानों की मुस्तैदी पर उठे सवाल
इस घटना ने महासमुंद पुलिस के दावों की पोल खोल दी है। बताया जा रहा है कि यह कार ओडिशा से प्रवेश करने के बाद कोमाखान, बागबाहरा और खल्लारी जैसे संवेदनशील थाना क्षेत्रों से होकर गुजरी। अगर कार महासमुंद शहर के बीचों-बीच खराब नहीं होती, तो शायद ये तस्कर पुलिस की नाक के नीचे से निकल जाते। स्थानीय लोगों और जानकारों का कहना है कि यह पुलिस की निगरानी में एक बड़ी चूक है।
दो साल पुरानी घटना की यादें ताजा
गौरतलब है कि करीब दो साल पहले भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जब ओडिशा से आ रही गांजे से भरी एक कार खल्लारी क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। उस समय भी पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ था।
सायबर सेल की मदद से कार्रवाई
पकड़े गए आरोपियों को फिलहाल हिरासत में ले लिया गया है। पेट्रोलिंग टीम की सूचना पर सायबर सेल की टीम भी मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर सिटी कोतवाली लाया गया। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इस अंतर्राज्यीय नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।
इस लेख को शेयर करें
टिप्पणियां (0)
टिप्पणी करने के लिए लॉग इन करें
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है
पहले टिप्पणी करने वाले बनें!
